कैथल। कलायत क्षेत्र में नशे के बढ़ते खतरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने युवाओं सहित आमजन को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज की नींव को भी कमजोर करता है। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों में जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है और जागरूकता ही इससे बचाव का प्रभावी माध्यम है। संवाद