संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के गांव माघो माजरी के पास एक बोलेरो गाड़ी ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो में सवार पांच यात्री घायल हो गए। ये सभी मजदूर उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के ब्लॉक सरसावा के रहने वाले हैं। ये सभी कैथल के गांव मानस में धान कटाई का काम करने आए थे और दिवाली पर अपने घर लौट रहे थे। इस संबंध में ऑटो चालक ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव मानस निवासी ऑटो चालक दलबीर ने सदर थाना में दी शिकायत में बताया कि 19 अक्तूबर की शाम को उसके पास गांव के ही रामफल का
फोन आया।
उसने बताया कि उसके पास सहारनपुर सरसावा के गुमटी गांव से आए मजदूर हैं, जिन्हें घर वापस जाने के लिए रेलवे स्टेशन कैथल छोड़ना है। दलबीर ऑटो लेकर रामफल के खेत पर पहुंचा, जहां से यूपी जाने वाले कर्मबीर, अभिषेक, सोमपाल, राहुल और सूरज ऑटो में सवार हो गए।
शाम करीब साढ़े छह बजे, जब वे माघो माजरी–फ्रांसवाला रोड के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही बोलेरो पिकअप ने तेज रफ्तार और लापरवाही से ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो पलट गई और सभी यात्री घायल हो गए। कर्मबीर को गंभीर चोटें आने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे के बाद बोलेरो चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग गया।
सदर थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।