कैथल। जिले के गांव सांच में पशु बाड़े के आगे खड़ी बुग्गी हटाने पर दो पक्षाें में विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष ने बुजुर्ग और उसके भांजे पर गंडासी से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिकायत में सांच निवासी जोगिंदर ने बताया कि वे खेती बाड़ी का काम करते हैं। 1 अक्तूबर को सुबह करीब 6:00 बजे वे अपनी भैंसों को घर से खोलकर पशुबाड़े में लेकर गए थे। बाड़े के सामने धर्मा सिंह ने अपनी बुग्गी खड़ी की हुई थी। बुग्गी खड़ी होने के कारण भैंसे इधर-उधर भागने लगी। उसने धर्मा सिंह से इस बारे में पूछा तो वह उनके साथ गाली-गलौज करने लग गया। इसके बाद अपने घर के आगे खड़े धर्मा सिंह, उसका लड़का राहुल और उसकी पत्नी मालदेवी ने उन पर और भांजे सुखदेव पर हमला कर दिया। धर्म सिंह ने गंडासी से उनके सिर में वार किया और माल देवी ने फावड़े से बाएं हाथ पर वार किया। राहुल ने गंडासी से सुखदेव के सिर पर वार कर दिया जिसके बाद कुछ समय के लिए वे बेहोश हो गए। परिवार वाले इलाज के लिए हाबड़ी सरकारी अस्पताल में लेकर गए। वहां से पूंडरी रेफर किया गया। डीएसपी सुशील ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।