शहर में एटीएम को लेकर लोगों की परेशानी जारी है। स्थिति यह है कि छुट्टी की बजाए सोमवार के दिन भी अधिकतर एटीएम बंद होते हैं। अमर उजाला द्वारा अगस्त माह के बाद सोमवार को शहर के करीब 22 एटीएम पर चलने और बंद होने की जानकारी जुटाई गई तो 22 में से 9 एटीएम बंद मिले। जिस कारण उपभोक्ता एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक भटकते रहते हैं। मजबूरन उन्हें दूसरे एटीएम से ट्रांजेक्शन करवानी पड़ती है। जिससे उनके खाते से पैसे कटते हैं। बैंक प्रबंधन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। अक्टूबर का पूरा महीना त्योहारी महीना है। यदि यही हाल रहा तो लोगों की परेशानी हल होती नहीं दिख रही।
अमर उजाला द्वारा 27 अगस्त को भी शहर के एटीएम को लेकर लाइव रिपोर्ट की गई थी। जिसमें काफी संख्या में एटीएम बंद पाए गए थे।
यही स्थिति सोमवार 3 अक्टूबर को पाई गई। हालांकि बीच में कुछ दिन कैश को लेकर बैंक प्रबंधन ने परेशानी दूर कर दी थी। कई एटीएम में अब हालात में सुधार हैं। लेकिन अधिकतर की स्थिति वही बनी हुई है। जहां दो एटीएम पर तो गत्ते का बोर्ड लगा हुआ मिला, जिस पर लिखा था कि ऑउट ऑफ कैश। साथ ही कई एटीएम मशीनें खुद ही आउट ऑफ सर्विस, नो कैश जैसे सिग्नल दे रही थीं। जिस कारण लोग एक बैंक से दूसरे बैंकों के एटीएम तक भटकते नजर आए।
उपभोक्ता आजाद सिंह, प्रवीण कुमार, मनोज व अशोक कुमार जो अलग-अलग एटीएम पर पैसे निकलवाने के लिए आए थे, ने एटीएम सर्विसिज को लेकर रोष प्रकट किया। उपभोक्ताओं ने कहा कि कई बार बैंक एटीएम बंद रहते हैं। जिस कारण उन्हें परेशानी होती है। दूसरे बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने पर खाते से पैसे कटते हैं। वहीं एक से दूसरे एटीएम तक जाने में समय भी खराब होता है। जिस कारण वे परेशान हैं। बैंक प्रबंधन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
सॉरी...टेंपरेरी आउट ऑफ सर्विस जैसे स्लोगन देखने को मिलते हैं
बैंकों के एटीएम में सॉरी, टेंपरेरी आउट ऑफ सर्विस, ऑफ लिंक.., नॉ कैश, एटीएम सर्विस इस अनेबल, वी रिग्रेट... जैसे स्लोगन देखने को मिले। जिसे देखकर उपभोक्ताओं को काफी गुस्सा भी आता है। लेकिन बैंक प्रबंधन की कारगुजारियों के आगे वे मजबूर हैं।
ये रही बैंकों के एटीएम की स्थिति
एक्सिस बैंक जाट स्कूल के निकट बंद
एसबीआई करनाल रोड, एक मशीन
एक्सिस बैंक करनाल रोड निकट एसबीआई बंद
पीएनबी बाल भवन बंद
एसबीआई लघु सचिवालय बंद
इंडसल्ड बैंक बस अड्डा बंद
एसबीआई बस अड्डा चालू
आईसीआईसीआई
बैंक ढांड रोड चालू
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ढांड रोड चालू
आईडीबीआई- ढांड रोड बंद
बैंक ऑफ इंडिया ढांड रोड चालू
यश बैंक ढांड रोड चालू
अंबाला रोड पीएनबी सर छोटू राम चौक बंद
एसबीआई सर छोटू राम चौक चालू
इलाहाबाद बैंक अंबाला रोड चालू
ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स अंबाला रोड चालू
युको बैंक- एटीएम लिखा हुआ दुकान का शटर डाउन
एक्सिस बैंक अंबाला रोड चालू
पीएनबी बैंक अंबाला रोड चालू
एसबीआई गीता भवन मंदिर चालू
एचडीएफएसी गीता भवन मंदिर चालू
बैंक ऑफ बड़ौदा गोल मार्केट के निकट चालू
लीड बैंक मैनेजर से सीधी बातचीत
प्रश्र- एटीएम को लेकर स्थिति में सुधार क्यों नहीं आ रहा? शहर में अधिकतर एटीएम बंद रहते हैं।
उत्तर- पहले भी इस बारे में बैंक प्रबंधन को निर्देश जारी किए गए हैं। जो भी बंद होंगे, उन बैंकों को निर्देश जारी किए जाएंगे।
प्रश्र- बैंक का एटीएम बंद होने पर दूसरे एटीएम पर जाना पड़ता है। जिससे दूसरे बैंक से पैसे निकलवाने पर पैसे कटते हैं? इससे उपभोक्ताओं को नुकसान होता है।
उत्तर - यह बात सही है कि बैंक उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। लेकिन बैंकों को भी एक दूसरे को भुगतान करना पड़ता है। ऐसा नहीं है कि केवल उपभोक्ता को परेशानी होती है।
प्रश्र- इस समस्या का समाधान क्या है?
उत्तर- सभी बैंक अधिकारियों को इस बारे में निर्देश जारी किए जाएंगे कि वे अपने एटीएम को चालू रखें। जो नहीं रखेगा, उसे नोटिस जारी किया जाएगा।
प्रश्र-अब त्योहारी सीजन में लोगों को ज्यादा परेशानी होंगी?
उत्तर- नहीं, त्योहारी सीजन में और ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। प्रयास रहेगा कि कोई परेशानी ना हो।
लीड बैंक मैनेजर, टीके राणा
यह गंभीर बात है। यदि एटीएम बंद रहते हैं तो उनके लगाए जाने का औचित्य ही क्या रह जाता है। मैं स्वयं इस बारे में लीड बैंक मैनेजर से बात करूंगा। एटीएम बंद क्यों रहते हैं? इसका पता लगाकर इन्हें चालू करवाया जाएगा।
रविप्रकाश गुप्ता, डीसी, कैथल।