संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के गांव हाबड़ी में संचालित हॉकी अकादमी आज प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी पहचान बना रही है। चार वर्षों से खिलाड़ियों को तराश रही इस अकादमी से निकलकर कोच सुरेंद्र प्रताप के मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। वहीं इसी अकादमी के तीन खिलाड़ियों का भारतीय सेना और वायुसेना में चयन भी हो चुका है।
अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले गौरव का चयन भारतीय सेना में नई दिल्ली में, विशाल का चयन भारतीय सेना भोपाल में और आज्ञापाल का चयन वायुसेना नई दिल्ली में हुआ है। इसके अलावा अकादमी के सचिन, आशीष और जतिन अंडर-17 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक भी जीत चुके हैं। इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को अकादमी की वर्षों की मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम माना जा रहा है। हाबड़ी की यह हॉकी अकादमी लंबे समय से खिलाड़ियों को निखारने का काम कर रही है। वर्तमान में यहां 25 खिलाड़ी आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं। खिलाड़ियों के रहने, खाने-पीने, अभ्यास और खेल सामग्री सहित सभी आवश्यक सुविधाएं अकादमी में उपलब्ध करवाई जाती हैं।
कई खिलाड़ी जीत चुके हैं स्वर्ण पदक
अकादमी का रिकॉर्ड भी बेहद गौरवशाली रहा है। यहां से निकले खिलाड़ी दयाराम जूनियर नेशनल में स्वर्ण और अभिषेक खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि अकादमी से निकलने वाले खिलाड़ी न केवल खेलों में पदक जीत रहे हैं, बल्कि खेल कोटे के जरिये सेना और अन्य सरकारी सेवाओं में भी रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।
सफलताओं से युवाओं में बढ़ रहा उत्साह : सुरेंद्र
अकादमी में कोच सुरेंद्र प्रताप ने कहा कि उनका उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। लगातार मिल रही सफलताओं से युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है और बड़ी संख्या में बच्चे हॉकी की ओर आकर्षित हो रहे हैं। हाबड़ी की यह हॉकी खेल नर्सरी आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है, जो खेल के जरिये अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।
गौरव
गौरव
गौरव
गौरव
गौरव