राजौंद। महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि भाजपा 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन सुशासन दिवस के रूप में मनाएगी। इसमें बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आमजन भारत रत्न वाजपेयी के राष्ट्र, गरीब एवं वंचित नागरिकों के उत्थान के लिए उठाए गए कदमों को याद करेंगे। रविवार को राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने बीडीपीओ कार्यालय हॉल में राजौंद मंडल की कार्यकारिणी बैठक में मुख्य वक्ता के तौर पर शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करने उपरांत कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को सुशासन व्यवस्था से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि 25 दिसंबर को भाजपा संस्थापक सदस्य, देश के तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी का 97वां जन्मदिन है, जिसे पूरे देश में सुराज दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसमें सभी कार्यकर्ता एवं आमजन उनके चित्र पर पुष्पांजलि करने उनकी नीति को याद करेंगे। राज्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमा की रक्षा में अपना जीवन बलिदान करने वाले शहीदों के स्मारक उनके गांव में बनवाने जैसा कदम उठाना आमजन के मन में शहीद एवं सैनिकों के प्रति सम्मान बढाने वाला था और यह अवसर हमें उनकी बदौलत मिला। इस दौरान मंडल पालक पूर्व विधायक तेजबीर सिंह, राजौंद मंडल अध्यक्ष कपिल दीक्षित, कुलविंद्र राणा, अशोक शर्मा सेरधा, डा. संदीप सिंह, सुशील पांचाल, महेंद्र शर्मा, कृष्ण शर्मा, महेश चंद्र, वीरेंद्र, कमल राणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।