25केएलटी6: एक परीक्षा केंद्र में टाट पट्टियों पर बैठ परीक्षा दे रहे बच्चे
कलायत। विभाग की ओर से गांव बडसीकरी के एक निजी स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र में बच्चों ने अपनी बोर्ड की परीक्षा टाट पट्टी पर बैठकर दी। इस बारे खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया की उन्होंने स्कूल को निर्देश दिए हैं कि अगली परीक्षा के लिए बैंच डेस्क का प्रबंध किया जाए। कलायत खंड में पहले दिन की बोर्ड परीक्षा शांति से संपन्न हुई। खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश नैन ने बताया की बुधवार को हरियाणा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा के लिए कलायत खंड में 10 सेंटर बनाए गए थे।
दोपहर 12.30 से 3.30 तक आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को गहन जांच के बाद प्रवेश दिया गया। 10 परीक्षा केंद्रों पर करीब 2500 बच्चों ने परीक्षा दी। सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया और किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई अनियमितता नहीं पाई गई। परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निभाई। विशेष रूप से परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व सुपरवाइजरों व पुलिस स्टाफ द्वारा प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन चेकिंग की गई और सुनिश्चित किया गया कि कोई भी प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में न लेकर जाई जाए। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और अभिभावकों का जमावड़ा रहा। उन्होंने बताया की कक्षा दस की होने वाली परीक्षा के लिए गांव कुराड व बालू में दो केंद्र और बनाए गए हैं। संवाद