संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सरकार द्वारा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए लगाए जा रहे समाधान शिविर अब जनता के लिए उम्मीद के बजाय ऊब का कारण बनते जा रहे हैं। सोमवार को लघु सचिवालय में आयोजित शिविर में पहुंचने वाली शिकायतों में पेंशन और राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें आई। कई बुजुर्ग ऐसे हैं जिनकी पेंशन बिना किसी ठोस
कारण के काट दी गई है या फिर फैमिली आईडी में आय अधिक दिखाए जाने के कारण वे सरकारी योजनाओं से वंचित
हो गए हैं।
बुजुर्गों का कहना है कि वे कई महीनों से दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं और अब समाधान शिविर में भी उन्हें केवल यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि आपकी फाइल संबंधित विभाग को भेज दी गई है, जल्द ही अपडेट हो जाएगा। हाल ही में चर्चा में रही लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर भी महिलाओं में भारी रोष है। शिविर में पहुँचने वाली महिलाओं की शिकायत है कि योजना के तहत पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया इतनी जटिल है कि पात्र होने के बावजूद उनका नाम लिस्ट में नहीं आ रहा।
नगराधीश गुरविंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौके पर होने वाली समस्याओं का तुरंत समाधान करें और अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान करें।
मेरा राशन कार्ड कट चुका है। मैं विधवा हूं और तीन-चार बार समाधान शिविर में आ चुकी हूं। परिवार पहचान पत्र में आय तीन लाख रुपये दर्ज कर दी गई है, जबकि हमारे घर में कोई कमाने वाला ही नहीं है। इसी गलत आय दर्ज होने की वजह से मुझे राशन नहीं मिल पा रहा है। -कमला, कौल
मैंने बेटी के लिए लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत आवेदन किया था, लेकिन नवंबर से अब तक खाते में राशि नहीं आई है। मैं तीन-चार बार योजना कार्यालय में संपर्क कर चुका हूं, मगर हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है, कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जाता।
-राजकुमार, खनौदा