कैथल। आशा वर्कर्स यूनियन की हड़ताल जारी है। जिले की गुहला और सीवन की आशा कर्मियों ने मंगलवार की हड़ताल में भाग लिया। जिला प्रधान सुषमा और जयप्रकाश शास्त्री ने कहा कि सरकार उनकी सुन नहीं रही है। अब हड़ताल के साथ-साथ आशा कर्मियों ने 28 अगस्त को
विधानसभा कूच को सफल बनाने के लिए कमर कस ली है।
गौरतलब है कि प्रदेश भर की 20 हजार आशा कर्मी न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये लागू करने, सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, ईएसआई व ईपीएफ का लाभ और रिटायरमेंट की उम्र 65 साल कर पेंशन के लाभ देने के साथ ऑनलाइन काम न करवाने की मांग को लेकर गत 8 अगस्त से हड़ताल पर है।
जिला प्रधान सुषमा और जयप्रकाश शास्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ व महिला शसक्तीकरण पर लंबे चौड़े भाषण तो देते है। परंतु बेटियों व महिलाओं की बात तक नहीं सुनते। जिसके चलते आशा कर्मियों में सरकार के खिलाफ गुस्सा है। उन्होंने कहा कि जिलेभर की आशा कर्मी के हौंसले बुलंद है।
इस अवसर पर सुमन सीवन, कविता पीडल, गुरजीत, रीना जीतो खेड़ी, अमन, संतोष, सुनीता, रामदेवी, बाला, उषा क्योड़क व पूनम कुलतारण मौजूद रहीं।