कैथल। जिले में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट गहरा गया है। तापमान बढ़ने के कारण बिजली के उपकरणों पर लोड बढ़ रहा है। इससे हर दिन फॉल्ट और ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थिति यह है कि पिछले 24 घंटों के भीतर बिजली निगम के कंट्रोल रूम और सब-स्टेशनों में कुल 319 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
इनमें फ्यूज, तारें टूटना और जंपर उड़ने की शिकायतें शामिल रहीं। इसके अलावा अत्यधिक लोड के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पांच बड़े ट्रांसफार्मर फुंक गए जिससे लोगों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
निगम के आंकड़ों के अनुसार, कुल 319 शिकायतों में से सबसे ज्यादा 200 शिकायतें लोकल फॉल्ट और फ्यूज उड़ने की रहीं। वहीं अघोषित बिजली कटौती के लिए उपभोक्ताओं ने 90 से अधिक बार शिकायत दर्ज कराई।