संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के सौजन्य से धनौरी गांव की नेहरा चौपाल पर नौवें रत्नावली सांग महोत्सव के तीसरे दिन शुक्रवार को आर्य कॉलेज पानीपत की टीम ने पंडित लख्मीचंद द्वारा रचित भगत पूर्णमल सांग की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की इस मनमोहक प्रस्तुति ने मौजूद दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। इस सांग में भगत पूर्णमल की भूमिका विनय, सुलेभान की भूमिका दीपक, नूनादे की भूमिका अंकित ने बड़ी शिद्दत से निभाई।
आयोजनकर्ता डॉ. भीम राव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय कैथल व राजकीय कन्या महाविद्यालय धनौरी के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार भांबू ने बताया कि शनिवार को सांग महोत्सव का समापन होगा। अंतिम दिन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के निदेशक महासिंह पूनिया होंगे। महाविद्यालय की कल्चरल सेल के इंचार्ज डॉ. अमित पाहवा ने बताया कि 16 मार्च को एसडी कॉलेज पानीपत की टीम अपनी सांग प्रस्तुति देगी और उन्होंने आज की शानदार प्रस्तुति के लिए आर्य कॉलेज पानीपत के छात्रों की टीम, इंचार्ज प्रो. विजय, सांग निर्देशक नरेश का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. सुभाष शर्मा ने मंच संचालन करते हुए सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद की रचनाओं और शैली पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. भीम राव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय कैथल के आयोजनकर्ता टीम के डॉ. नवीन वर्मा, डॉ. मोनिका, प्रो. अनुराधा और प्रो. अनु, श्रीभगवान तथा सोनू मौजूद रहे।