संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीवन निवासी पैरा एथलीट अरुण शर्मा ने बेंगलुरू में आयोजित इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों और ग्रामीणों ने खुशी जताई है।
अरुण शर्मा ने फोन के माध्यम से बताया कि यह प्रतियोगिता हर साल आयोजित की जाती है और इस वर्ष इसका सातवां संस्करण 10 से 13 जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से एथलीटों ने भाग लिया। उसने लंबी कूद में यह सफलता हासिल की है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले जनवरी 2025 में फरीदाबाद में आयोजित ट्रायल प्रतियोगिता में उन्होंने पदक जीतकर अपनी जगह सुनिश्चित की थी।
अरुण ने यह भी बताया कि वर्ष 2024 में चोट के कारण वे प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाए थे, लेकिन इस बार
उन्होंने पूरी तैयारी के साथ वापसी की और स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम
रोशन किया।
अरुण ने बताया कि वे एक मध्यमवर्गीय किसान परिवार से संबंध रखते हैं और उनके पिता खेती करते हैं। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।