संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। बेंगलुरु में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ग्रैंड पिक्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सीवन नगर के अरुण शर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर सीवन स्पोर्ट्स अकादमी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में अरुण शर्मा के साथ खिलाड़ी श्वेता और दीपाली को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप सैनी, सचिव दीपक कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शैली मुंजाल, टेक चंद, प्रेम चंद, सुरजीत गोस्वामी, समारोह संयोजक संजय सैन और कोच सुदर्शन सिंह, इंद्र गोस्वामी आदि उपस्थित रहे। सभी ने पदक विजेताओं को फूल मालाएं पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप सैनी ने कहा कि छोटे से नगर सीवन के अरुण ने देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त संसाधनों और प्रशिक्षण के यह उपलब्धि अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने अरुण को भविष्य के खेल आयोजनों की तैयारी में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
समारोह संयोजक संजय सैन ने इसे सीवन के लिए गर्व की बात बताया और नगरवासियों से आह्वान किया कि अरुण को आगे की तैयारी के लिए आर्थिक और नैतिक समर्थन दिया जाए।
नगरपालिका सचिव दीपक कुमार ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं को भी प्रेरित करते हैं। अंत में नगरवासियों ने अरुण शर्मा को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पाली सैनी, सुरेश सैनी, अशोक शर्मा, रितिक शर्मा, सुनील सक्सेना, कमल शर्मा, सुमित कंसल, मुकेश शर्मा, रवि मौर्य सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।