कैथल। आरकेएसडी कॉलेज में पंजाबी विभाग की ओर से शुंगल कुड़ियां दा नामक सांस्कृतिक व मनोरंजक समारोह आयोजित किया गया। इसमें पंजाबी विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा तंवर के मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। नृत्य प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष की अर्शदीप ने प्रथम, बीए तृतीय वर्ष की शमनदीप दूसरे और बीपीएस द्वितीय वर्ष की जैस्मीन तीसरे स्थान पर रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने किया। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने के लिए मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक व रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
विज्ञापन
कॉलेज प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि विद्यार्थियों के विकास में शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। साथ ही, इससे वे अपनी सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित रहते हैं।
इस अवसर पर डॉ. राजबीर पराशर, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. गुरदीप भोला और इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मित्तल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. शीनू सिंघला ने किया।