कैथल। नशा तस्कर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला करके नशा तस्कर को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने गांव कल्लरमाजरा निवासी नायब राम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार चीका थाना में कार्यरत एएसआई विक्रम सिंह की शिकायत पुलिस ने केस दर्ज किया था कि पिछले साल 25 जून को चीका थाने में नशा तस्करी को लेकर एक केस दर्ज हुआ था। एंटी नारकोटिक सेल ने कल्लर माजरा निवासी आरोपित महिला बचनी देवी को 112 ग्राम अफीम के साथ काबू किया था।
महिला ने बताया था कि उसने अफीम जेठ अजैब राम से ली थी। 17 जुलाई को आरोपी अजैब राम के गांव में होने की सूचना मिलने पर वह, एएसआई जगदीश, चालक मनप्रीत, होमगार्ड जगतार और चीका थाना प्रबंधक लहणा के साथ गांव कल्लर माजरा में पहुंचे। शाम करीब साढ़े सात बजे टीम गांव में पहुंची और आरोपित के घर गई।
मौके से अजैब राम को पकड़ लिया और गाड़ी में बैठाने लगे। उसी समय कुछ महिलाएं और अन्य व्यक्ति वहां आ गए। उन्होंने पुलिस टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी और आरोपित को गाड़ी से उतार लिया। आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और नशा तस्कर को छुड़वा कर ले गए। जिस बारे थाना चीका में मामला दर्ज किया था।