संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश भेजने के नाम पर युवक को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने मुख्यारोपी को करनाल से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए आरोपी को पुलिस ने 12 दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2022 में कोलकाता व मुंबई में बैठकर विदेश भेजने के नाम पर युवाओं का अपहरण करके रुपये ऐंठने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते पुलिस ने 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से युवक व युवतियों को आजाद करवाया था। अब इस मामले में सीआईए-1 पुलिस के एएसआई राजेश कुमार की टीम ने मुख्यारोपी इस्ट थाना मुबंई महाराष्ट्र निवासी सुनील केजरीवाल को करनाल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बाकल गांव के रहने वाले अमृत पाल की शिकायत अनुसार उसका भाई विक्रम कनाडा जाना चाहता था। उसके ही गांव के अवतार सिंह के बातचीत के माध्यम से देवेंद्र निवासी रुद्रपुर व गुरुदेव सिंह निवासी रिठौडा यूपी उसके भाई को 28 अक्तूबर को कनाडा के लिए ले गए, लेकिन वो पहले उसके भाई को कलकत्ता ले गए। वहां पर उन्होंने उसके भाई को बंधक बना लिया व उससे डॉलर छीन लिए। आरोपियों ने उसके भाई की उससे वीडियो कॉल व वॉइस कॉल से बात करवाई। इनमें वह डरा सहमा लग रहा था।
आरोपियों ने उसके भाई से मारपीट करके उससे 13 लाख रुपये की और मांग की। इस बारे थाना पूंडरी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच सीआईए-1 पुलिस को सौंपी गई थी। उक्त मामले में पुलिस पहले ही 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी सुनील वीरवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी का व्यापक पूछताछ के लिए 12 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है।