गांव बाबा लदाना क्षेत्र से 16 नवंबर की शाम खनौरी जा रहे स्क्रैप व्यापारी से पिस्तौल की नोक पर 10 लाख रुपये लूटने के मामले में वांछित छठे आरोपी को सीआईए-1 पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय मेें पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। जिसमें आरोपी के कब्जे से लूटी गई 2 लाख रुपये नकदी व एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
विदित रहे कि पूर्व में गिरफ्तार 5 आरोपियों के कब्जे से सीआईए-1 पुलिस द्वारा 7 लाख रुपये नकदी, दो मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त 32 बोर का अवैध पिस्तौल व 2 जिंदा कारतूस बरामद किए जा चुके हैं।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह की अगुवाई में एसआई कश्मीर सिंह की टीम द्वारा 12 दिसंबर को 27 वर्षीय आरोपी कपिल निवासी भेडवा थाना महम रोहतक को गिरफ्तार करके आरोपी का न्यायालय से 15 दिसंबर तक 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। जिससे पूछताछ के दौरान लूटी गई 2 लाख रुपए नकदी तथा एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। स्क्रैप व्यापारी खनौरी निवासी अनिल कुमार से 16 नवंबर की शाम को 10 लाख रुपये की लूट की गई थी। साथ ही आरोपी 2 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गये थे। सीआईए-1 पुलिस द्वारा मामले का खुलासा करते हुए व्यापारी की गाड़ी के चालक बिंटू, उसके साथी आरोपी रोशन व सकीम किला जफरगढ़ जींद, अजय निवासी बडछप्पर हिसार तथा सुखबीर निवासी राजली हिसार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जिनके कब्जे से लूटी गई 7 लाख रुपये नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जा चुके है। आरोपी कपिल से पूछताछ के दौरान असलाह उपलब्ध करवाने वाले यूपी निवासी आरोपी की पहचान कर ली गई, जिसकी गिरफ्तारी के लिए आरोपी का 15 दिसंबर को न्यायालय से पुन: 1 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।