पूंडरी। वेद प्रचार मंडल कैथल और पर्यावरण संस्कृत संरक्षण मंच पूंडरी के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नशा मुक्त, पर्यावरण युक्त हो देश हमारा महाअभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पौधरोपण से हुआ, जिसके तहत विद्यालय परिसर में करीब 100 पौधे लगाए गए। मुख्य अतिथि आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के वेद प्रचार अधिष्ठाता स्वामी सच्चिदानंद ने कहा कि स्वस्थ और विकसित भारत के लिए समाज का नशा मुक्त होना और पर्यावरण का संतुलित रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, प्रकृति के संरक्षण में योगदान देने और प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही छात्राओं को तप, अनुशासन और जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्म सिंह और वेद प्रचार मंडल के जिलाध्यक्ष अनिल आर्य ने की। वेद प्रचारक जसविंद्र आर्य ने भजनों के माध्यम से नारी शक्ति और संस्कारित जीवन मूल्यों का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रीतिपाल कालड़ा, बूटाराम आर्य, दलबीर फिरोजपुर, नीरू मित्तल, कमलेश आर्य, वीना कालड़ा, स्नेहलता आर्य, निरंजन आचार्य उपस्थित रहे।