संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका, कैथल। किसान आंदोलन 2.0 के तहत किसानों के दिल्ली कूच आह्वान को लेकर जिले के संगतपुरा व टटियाना बॉर्डर पर पहले की अपेक्षा अब सुरक्षा को और अधिक कड़ा किया गया है। इसके तहत अब दोनों की बॉर्डरों पर टटियाना व संगतपुरा बॉर्डर पर सेना ने मोर्चा संभाला है।
किसान इन दोनों ही बॉर्डरों पर न आ पाए, इसको लेकर अब सीआरपीएफ के बाद आरएएफ की भी तैनाती की गई है। गौरतलब है कि जिले में स्थित इन दोनों बॉर्डरों पर किसानों के पहुंचने का कोई अनुमान तो नहीं है, लेकिन फिर भी जिला प्रशासन पूरी चौकन्ना हो गया है। अब पुलिस प्रशासन के अलावा सेना भी पूरी तरह से अपनी जिम्मेदारी को निर्वहन कर रही है। प्रशासन बॉर्डर पर सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार से कोई ढील नहीं छोड़ना चाहता है।
नौ चरणों में की गई है सुरक्षा ः गुहला टटियाना बॉर्डर पर पुलिस और अधैसैनिक बलों की ओर से किसानों को रोकने के लिए अब नौ चरण की सुरक्षा की गई है। इसके तहत प्रशासन ने कंटीली तार से लेकर सीमेंट और लोहे के बेरिकेट और कंटेनरों पर मिट्टी के कट्टे डालकर पक्की बाड़ेबंदी की है। दरअसल, खनौरी व शंभू बॉर्डर पर टकराव की स्थिति बनने पर किसान इन रास्तों के माध्यम से आएं तो वह आगे न जा सकें।