कैथल। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की ओर से एक असलाह सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी वर्ष 2024 के दौरान थाना शहर क्षेत्र में हत्या मामले में भी वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस की तरफ से 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। डीएसपी बीर भान ने बताया कि आरोपी गांव रेर कलां जिला पानीपत निवासी रामपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को चंडीगढ़ से काबू किया गया है। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी का न्यायालय से दो दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
डीएसपी ने बताया कि 11 जुलाई को एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव पाडला से छौत रोड़ दबिश देकर आरोपी गांव छौत निवासी अजय उर्फ अज्जू को काबू किया गया था। उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ था। इस बारे में थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी अजय से पूछताछ के बाद खुलासा हुआ था कि उसको यह असलाह अमुनेशन आरोपी रामपाल ने सप्लाई किया था।
एक और ममाले में वांछित आरोपी
नानकपुरी काॅलोनी कैथल निवासी अनिल की शिकायत अनुसार उसने 6 फरवरी 2024 को क्योड़क निवासी कोमल के साथ प्रेम विवाह किया था। 19 जून 2024 को कोमल का भाई पिस्तौल लेकर घर आया और फायरिंग कर दी। इस घटना में कोमल की गर्दन पर गोली लगी जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी मां के पेट में व उसकी बहन की बाजू में गोली लगी। थोड़ी दूरी पर कोमल का मामा रामफल बाइक लेकर खड़ा था। इसके बाद वे भाग गए। इस बारे में थाना शहर में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में पहले एक नाबालिग आरोपी को पकड़ा जा चुका था। जबकि आरोपी रामफल उर्फ रामपाल अब तक गिरफ्तार नहीं हो सका था, जो निरंतर भुमिगत चल रहा था। न्यायालय की ओर से भी आरोपी को भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। आरोपी की गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस की तरफ से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।