स्कूल में बच्चों से संवाद करते एसडीएम। प्रवक्ता
गुहला-चीका। एसडीएम मनीष कुमार यादव ने बुधवार को चीका-गुहला रोड स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय, सलेमपुर का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य कार्यालय में अध्यापकों के उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और विद्यालय में अध्यापकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक बताया कि वे आगामी परीक्षाओं की तैयारी पूरी लगन से कर रहे हैं और अच्छी शिक्षा प्राप्त कर देश का नाम रोशन करना चाहते हैं। बच्चों ने यह भी बताया कि विद्यालय के सभी शिक्षक उन्हें पूरी मेहनत और संवेदनशीलता के साथ पढ़ाते हैं।
एसडीएम मनीष कुमार यादव ने प्रधानाचार्य को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए उनकी शिक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यालय में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और बरसात के मौसम में जलभराव नहीं होने देने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षाओं के आसपास मच्छरों की रोकथाम के लिए समय-समय पर दवा का छिड़काव करवाने के भी निर्देश दिए।
स्कूल में बच्चों से संवाद करते एसडीएम। प्रवक्ता