संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में वायु प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो रहा है। तीन दिन की राहत के बाद अब लगातार वायु प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी हो रही है। सुबह और शाम के समय छा रहे स्मॉग के कारण धुंध जैसी स्थिति बन रही है। हालांकि बीते दो दिनों में एक्यूआई पहले से कम हुआ था, लेकिन रविवार को फिर से इसमें बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को सबसे अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 240 दर्ज किया गया था।
अब वायु प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ने के कारण स्मॉग छा रहा है। इससे लगातार वाहन चालकों सहित अन्य लोगों को परेशानियां हो रही है। वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बाद लगातार आंखों में जलन की समस्या पैदा हो रही है, जिससे अस्पतालों में आखों की ओपीडी बढ़ी है।
एक दिन के अवकाश के बाद सोमवार को फिर से जिला नागरिक अस्पताल में आंखों की ओपीडी में बढ़ोत्तरी हुई। इस दौरान एक ही दिन में 200 से अधिक मरीज आंखों से संबंधित बीमारियों का इलाज करवाने के लिए पहुंचे।
उधर, जिला नागरिक अस्पताल के जिला प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन मांडले ने बताया कि लगातार छा रहा स्मॉग स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक है।
आंखों और सांस के मरीज ज्यादा परेशानी झेल रहे हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी में आने वाले मरीजों को जागरूक किया जा रहा है कि वे ऐसे मौसम में बाहर निकलने से बचें। प्रदूषण से बीमारी बढ़ सकती है।