कैथल। बाल भवन में वीरवार से अभिरुचि कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। इनमें गर्मियों की छुट्टियों के दौरान 12वीं तक के विद्यार्थी विभिन्न गतिविधियों में भाग ले सकते हैं। इन कक्षाओं में सिलाई-कढ़ाई, मेहंदी, योगा, जूडो-कराटे, ब्यूटिशियन, आर्ट एंड क्राफ्ट, म्यूजिक वोकल एंड इंस्ट्रयूमेंटल, नृत्य का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
डीसी जगदीश शर्मा, डीडीपीओ कंवर दमन, डीसीडब्ल्यूओ बलबीर चौहान, ईओ कुलदीप सिंह ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर डीसी ने कहा कि देश का भविष्य बच्चों पर निर्भर करता है। बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व क्रियाकलापों में भागीदारी जरूरी है।
अभिरुचि कक्षाओं में बच्चों को अपना हुनर संवारने का मौका मिलेगा। बाल कल्याण परिषद विभिन्न गतिविधियां आयोजित करके बच्चों को आगे बढऩे के लिए मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है, जोकि प्रशंसनीय है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीडीपीओ कंवर दमन ने की। डीसी ने ईओ नगर परिषद को निर्देश दिए कि तय मापदंडों के अनुसार बाल भवन में बनने वाले रंगशाला की छत का जल्द निर्माण करवाएं, ताकि बच्चों को एक अच्छा मंच मिल सके।
जिला बाल कल्याण अधिकारी बलबीर चौहान ने डीसी व अन्य अधिकारियों का स्वागत करते हुए बाल भवन में चलाए जाने वाले क्रिया-कलापों के बारे में प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हर वर्ष स्कूलों के अवकाश के दौरान अभिरुचि कक्षाएं लगाई जाती हैं, जिसमें करीब 200 बच्चे भाग लेते हैं। इस मौके पर सुपार्श्व जैन पब्लिक स्कूल, लव डांस एकेडमी तथा गायत्री स्कॉलर होम स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस मौके पर डीईईओ सुभाष वर्मा, प्रज्ञा पासा जैन, नीतू चौहान, महेंद्र खन्ना, लक्षित जैन, मोहित शर्मा, लाजपत सिंघला, जयना जैन, ज्ञान चंद, केएल रंगा आदि मौजूद रहे।