संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पिछले लंबे समय से ट्रेन के माध्यम से हिसार की यात्रा करने वाले यात्रियों के राहत भरा समाचार है। अब जल्द ही यह ट्रेन जिले के लोगों को मिलेगी। अब हिमाचल के अंब-अंदौरा से अंबाला चलने वाली मेमू ट्रेन के विस्तार को बोर्ड से मंजूरी मिलने के साथ ट्रेन संचालन को मंत्रालय से भी हरी झंडी मिल गई है। अब इसकी तिथि की घोषणा होना बाकी है। उम्मीद है कि आगामी 15 से 20 दिन तक इस ट्रेन के संचालन की तिथि जारी होगी। यह जानकारी सांसद के पीए की ओर से एक्स के माध्यम से दी गई है।
गौरतलब है कि कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल ने एक माह पहले ही रेलवे से ट्रेन चलाने की मांग की थी। यह ट्रेन अंब अंदौरा से हिसार के रायपुर हरियाणा जंक्शन स्टेशन तक चलाई जाएगी। इस ट्रेन के संचालन के बाद कैथल और कुरुक्षेत्र ट्रेन के माध्यम से हिसार से जुड़ जाएगा। वहीं, इसकी समय सारिणी भी एक महीने पहले ही जारी कर दी गई है। समय सारिणी अनुसार यह ट्रेन चंडीगढ़ से कुरुक्षेत्र, कैथल होते हुए नरवाना से जाखल के रास्ते हिसार जाएगी।
इससे कैथल और आसपास के गांव के लोगों को चंडीगढ़ व हिसार जाने के लिए ट्रेन की सुविधा मिलने लगेगी। वह बस से कम किराये में हिसार व चंडीगढ़ आ-जा सकेंगे। इस ट्रेन को चलाने के लिए रेलवे ने फिजिबिलिटी चेक कर ली है।
फिलहाल कैथल से हिसार के बीच कोई ट्रेन का संचालन नहीं किया जा रहा है। जबकि चंडीगढ़ जाने के लिए दौलतपुर-साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
रेलवे की चंडीगढ़ से हिसार के बीच ट्रेन चलाने की योजना है। रेलवे ने फिजिबिलिटी चेक कर ली है। कैथल के आसपास के लोगों को हिसार और चंडीगढ़ जाने के लिए एक और ट्रेन मिल जाएगी। इसके लिए अंबाला के डीआरएम की ओर से प्रस्ताव भेजा गया था। इसे मंजूरी मिल चुकी है। उम्मीद है इसी माह से यह चलने लगेगी। - सतीश कुमार, स्टेशन अधीक्षक, कैथल।