संवाद न्यूज एजेसी
कैथल। कॉलेजों में स्नातक में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। अब इसमें तेजी आई है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने दाखिले का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। कॉलेजों में आवेदक 09 जून तक पंजीकरण करवा सकते हैं। 18 से 30 जून के दौरान मेधा सूची जारी की जाएंगी तथा दूसरी काउंसलिंग संपन्न होने के बाद कॉलेजों में कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
दाखिले के लिए सत्यापित परिवार पहचान-पत्र अनिवार्य हैं। वहीं, शेड्यूल जारी करते ही विद्यार्थियों ने कोर्स व कॉलेज का चयन करना शुरू कर दिया है। कॉलेजों में दाखिला चाहने वालों के लिए ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। किसी भी स्थिति में पोर्टल पर पंजीकरण के बिना प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वहीं कॉलेजों में नई शिक्षा नीति के तहत पढ़ाई होगी। इसके तहत कॉलेजों में कौशल विकास युक्त शिक्षण पर जोर रहेगा। उधर, आरकेएसडी पीजी महाविद्यालय में स्नातक कक्षाओं में दाखिला प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह दिख रहा है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार अब तक कुल 1200 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कर लिया है। यह संख्या कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता, समर्पित शिक्षण स्टाफ और बहुविषयक पाठ्यक्रमों के प्रति छात्रों की आस्था को दर्शाती है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यबीर मेहला ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 अनुसार संचालित बहुविषयक पाठ्यक्रम न केवल अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देते हैं बल्कि छात्रों को जीवन कौशल, अनुसंधान, और नवाचार में भी सक्षम बनाते हैं। आरकेएसडी कॉलेज छात्रों को केवल डिग्री ही नहीं बल्कि भविष्य के लिए तैयार करने वाली समग्र शिक्षा प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है।
प्रवेश प्रभारी डॉ. विकास भारद्वाज ने बताया कि बीए, बीकॉम , बीएससी, बीबीए और बीसीए जैसे पाठ्यक्रमों में 70 से अधिक विषय संयोजनों की सुविधा दी गई है, जो विद्यार्थियों को रुचि और करियर की दिशा के अनुसार विकल्प चुनने का अवसर दे रही है।
हेल्प डेस्क संयोजक और जनसंपर्क अधिकारी डॉ. एसपी वर्मा ने जानकारी दी कि कॉलेज परिसर में हेल्प डेस्क प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक कार्यरत है, जहां छात्रों को पंजीकरण, दस्तावेज़ सत्यापन, विषय चयन, प्रवेश से संबंधित हर जानकारी दी जा रही है।