कैथल। अखिल भारतीय सैनिक स्कूल रेवाड़ी व कुंजपुरा में शैक्षणिक सत्र वर्ष 2022-2023 के लिए कक्षा छह में प्रवेश के लिए लड़के/लड़कियों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सैनिक स्कूल कुंजपुरा में कक्षा नौवीं के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
वेबसाइट एआईएसएसईईडॉटएनटीएडॉटएनआईसीडॉटइन पर 26 अक्तूबर तक प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करवाए जा सकते हैं। परीक्षा का आयोजन 9 जनवरी 2022 रविवार दो से चार बजे तक होगा। यह जानकारी डीसी प्रदीप दहिया ने दी। उन्होंने बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 31 मार्च 2022 को 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए अर्थात उसका जन्म एक अप्रैल 2010 से 31 मार्च 2012 के बीच होना चाहिए। कक्षा छह में गणित के 50 प्रश्न, सामान्य ज्ञान, बौद्विक क्षमता व भाषा के 25-25 प्रश्न होगे, जो कुल 300 अंक के होंगे।
उन्होंने बताया कि इसी क्रम में कक्षा नौवीं के लिए कुल 400 अंक की परीक्षा होगी। सूचना ई-मेल व मोबाइल पर ही भेजी जाएगी। इन आवदेनों में 67 प्रतिशत सीटें उस राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में रहने वाले उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है, जहां पर सैनिक स्कूल स्थित हैं। रेवाड़ी में छह कक्षा में प्रवेश के लिए 50 लड़के व 10 लड़कियों के लिए तथा कुंजपुरा में लगभग 73 लड़के व 10 लड़कियों की सीटों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। परीक्षा का आयोजन एनटीए द्वारा करवाया जाएगा।