संवाद न्यूज एजेंसी
पाई। करोड़ा गांव के किसान धर्मवीर ने अमेरिका से अपने पुत्र शव लाने के लिए सरकार, सांसद, हल्का विधायक से आर्थिक मदद करने की गुहार लगाई है।
धर्मवीर ने बताया कि उसके पास केवल एक एकड़ जमीन थी, जिसे बेच कर उसका पुत्र संजू अमेरिका गया था। उससे अमेरिका गए हुए करीब छह माह ही हुए थे कि उसकी अमेरिका में ही हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह उसका इकलौता पुत्र था। उसके एक बहन भी थी, जिसकी शादी हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि अब उनके पास कमाने के लिए न तो कोई जमीन है और न ही आय का अन्य कोई साधन। वह अपना व अपनी पत्नी का जीवनयापन बड़ी मुश्किल से कर रहा है।
उन्होने बताया कि बेटे के शव को लाने के लिए लाखों रुपये खर्च आएंगे। इतनी अधिक राशि जुटाना उसके बस की बात नही है। उन्होंने सरकार, सांसद नवीन जिंदल, हल्का विधायक सतपाल जाबा व जनता से आर्थिक सहयोग करने की गुहार लगाई है। उसने सांसद व सरकार से यह भी गुहार लगाई है कि उसके शव को लाने के लिए एबेंसी में कागज आदि भी तैयार करवाए जाएं।