संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एसपी कार्यालय में एसपी आस्था मोदी के नेतृत्व में सोमवार को पुलिस-पब्लिक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में एसपी आस्था मोदी ने सभी गणमान्य लोगों से पहलगाम आतंकी हमले को लेकर शांति बनाए रखने व अफवाहों से बचने की अपील की।
बैठक के दौरान एसपी आस्था मोदी ने सभी से परिचय प्राप्त करने क्षेत्र की समस्याओं बारे पूछा। बैठक में मौजूद व्यक्तियों ने अपने क्षेत्र में नशा, सट्टेबाजी, अवैध रूप से शराब पिलाने के बारे में और अन्य समस्याओं के बारे में अवगत कराया। एसपी ने समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर असामाजिक तत्वों के साथ कड़ाई पूर्वक निपटने के संबंधित को आदेश दिए।
एसपी ने मौजूद सभी मौजिज लोगों व जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश और गम का माहौल बना हुआ है। इसको लेकर कैथल पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए आम जनता से संयम बरतने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद को अंजाम देने वाले केवल अपराधी होते हैं, उनकी कोई जाति, धर्म या समुदाय नहीं होता। उन्हें किसी भी धार्मिक या सामाजिक पहचान से जोड़ना न सिर्फ गलत है, बल्कि खतरनाक भी हो सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात को देखते हुए हर नागरिक की यह जिम्मेदारी है कि वह अफवाहों और नफरत फैलाने वाले कृत्यों से दूर रहे। समाज को बांटने वाली गतिविधियों में लिप्त लोगों को कानून के कटघरे में लाया जाएगा। किसी भी व्यक्ति को कानून-व्यवस्था व शांति भंग करने की किसी सूरत में इजाजत नहीं दी जाएगी।
एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट शेयर ना करें। पुलिस विभाग द्वारा सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी की जा रही है। यदि आपके आसपास कोई भी असामाजिक तत्व या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर इसकी सूचना दें।