संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला औषधि निरीक्षक कार्यालय में वीरवार को शहर के केमिस्टों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला औषधि निरीक्षक चेतन वर्मा ने कहा कि सरकार के नशा विरोधी अभियान को तभी सफलता मिल सकती है, जब समाज का हर वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी करे।
चेतन वर्मा ने कहा कि नशे की चपेट में आया व्यक्ति न केवल खुद को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी संकट में डाल देता है। यह प्रवृत्ति देश की तरक्की में भी बड़ी बाधा बनती है। उन्होंने केमिस्टों से आह्वान किया कि कोई भी प्रतिबंधित या मादक दवाइयों की अवैध बिक्री न करें और उनकी खरीद-फरोख्त का पूरा रिकॉर्ड रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधियां सामने आती हैं तो केमिस्ट बिना किसी झिझक के उन्हें इसकी सूचना दें। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चेतन वर्मा ने कहा कि हर केमिस्ट को यह जिम्मेदारी समझनी चाहिए कि वह समाज के प्रति उत्तरदायी है। इस मौके पर बैठक में उपस्थित केमिस्ट यूनियन के सभी सदस्यों ने प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री न करने का संकल्प लिया और नशा मुक्ति अभियान में पूरा सहयोग देने की बात कही।