कैथल। प्लाट पर कब्जा करने की नियत से जानलेवा हमला करने के मामले में दूसरे आरोपी कलायत निवासी अनिल रैबारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी सतबीर उर्फ सोनू रैबारी को गिरफ्तार कर चुकी है।
डीएसपी कलायत रोहताश ने बताया कि वार्ड नंबर 12 निवासी शीशपाल ने शिकायत में आरोप लगाया था कि रेलवे रोड स्थित प्लाट पर आरोपियों से विवाद चल रहा था। 1 जुलाई की रात शीशपाल और उसकी पत्नी माया देवी प्लाट पर बैठे थे। इस दौरान कुछ लोग दीवार फांदकर अंदर घुसे और निर्माण गिराने लगे। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई। बाद में रेलवे रोड स्थित मोरवी नंदन अस्पताल के पास आरोपियों ने शीशपाल का रास्ता रोककर उस पर डंडों से हमला किया। सिर पर लोहे की पट्टी लगे डंडे से वार कर उसे घायल कर दिया गया। घायल को पहले कलायत और बाद में कैथल के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।