स्वास्थ्य विभाग में जिले भर में कार्यरत एएनएम वित्त वर्ष 2014-15 के लिए रिन्यूअल न मिलने पर बुधवार शाम को भड़क उठीं तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। जिसके बाद सीएमओ ने एएनएम को आश्वासन दिया कि वे अगले तीन माह अपनी परफॉर्मेंस सुधार लें और उनका रिन्यूअल हो जाएगा। इस दौरान करीब एक घंटे तक हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित रहा।
स्वास्थ्य विभाग में 143 एएनएम कॉन्ट्रेक्ट पर हैं
जिले भर में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 143 एएनएम कॉंन्ट्रेक्ट पर कार्यरत हैं। इन सभी को एक दिन का अवकाश देते हुए दो अप्रैल से 2014-15 वित्त वर्ष के लिए रिन्यूअल दिया जाना था। लेकिन शाम पांच बजे तक भी उन्हें रिन्यूअल न मिलने पर सभी एएनएम एकत्रित होकर अस्पताल के सामने ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा डटीं। जिस कारण दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
एएनएम का कहना है कि हर वर्ष दो अप्रैल को उन्हें अगले वर्ष के लिए कार्य के लिए अनुमति मिल जाती है। लेकिन अधिकारियों नने इस बार कई एएनएम को परफॉर्मेंस कम होने पर अनुमति नहीं दी। शाम तक इंतजार करने के बावजूद जब उन्हें रिन्यूअल नहीं मिला तो उन्हें मजबूरन जाम लगाना पड़ा। जाम की सूचना मिलने पर सिविल लाइन एसएचओ अंग्रेज सिंह, नायब तहसीलदार और सीएमओ डा. आदित्य स्वरूप गुप्ता मौके पर पहुंचे। सीएमओ ने कम परफार्मेंस वाली एएनएम को तीन माह में अपने काम में सुधार करने के निर्देश दिए और ज्वाइनिंग का आश्वासन दिया। जिस पर एएनएम ने जाम खोल दिया।
परफॉर्मेंस के आधार पर मिलता है रिन्यूअल : सीएमओ
इस संबंध में सीएमओ डा. आदित्य स्वरूप गुप्ता ने बताया कि एनआरएचएम में कार्यरत सभी कांट्रेक्ट पर लगे कर्मचारियों को परफॉर्मेंस के आधार पर अगले साल के लिए एक अप्रैल का अवकाश देकर रिन्यूअल दिया जाता है। कई एएनएम की परफॉर्मेंस काफी कम है। जिस कारण उन्हें रिन्यूअल नहीं दिया गया। सभी एएनएम द्वारा तीन माह में परफॉर्मेंस में सुधार का आश्वासन दिया गया है। इसलिए उन्हें रिन्यूअल का आश्वासन दिया गया है।