संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में सोमवार को हिंदी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राज्य स्तरीय ऑनलाइन निबंध लेखन प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा से हुई। यह प्रतियोगिता कॉलेज के हिंदी विभाग द्वारा करवाई गई थी, जिसका उद्देश्य हिंदी भाषा के महत्व को समझाना था।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अंजू को 500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दूसरे स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 300 रुपये और तृतीय स्थान पर आने वाले को 200 रुपये की राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में छात्राओं ने हिंदी दिवस पर भाषण दिए और कविता पाठ प्रस्तुत किया। संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने गायन की बेहतरीन प्रस्तुति दी। प्रबंधक समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं बल्कि हमारी संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का आधार है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. आरती गर्ग ने छात्राओं एवं स्टाफ को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि हिंदी को व्यावहारिक जीवन में बढ़ावा देना हमारी जिम्मेदारी है।
सायंकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर ने हिंदी को मानव जीवन की आत्मा बताया। हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. हेमलता एवं प्राध्यापिकाएं प्रो. सपना, डॉ. दीपा और प्रो. कमलेश ने भी हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला।
n
प्रथम : अंजू -इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय, कैथल
n
द्वितीय : सलोनी, बीए तृतीय वर्ष -के.एल. मेहता महिला सीनियर कॉलेज, फरीदाबाद
n
तृतीय : हरप्रीत, बीए तृतीय वर्ष -फतेहचंद महिला महाविद्यालय, हिसार।