संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल, कलायत। बात्ता गांव में वीरवार शाम के समय एक किशोर की हत्या के विरोध में परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। विरोध में उन्होंने दोपहर करीब पौने एक बजे किशोर के शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इससे पहले दोपहर करीब 12 बजे नागरिक अस्पताल के बाहर भी उन्होंने जाम लगाने का प्रयास किया था लेकिन डीएसपी के समझाने के बाद मान गए थे।
बाद में हाईवे पर जाम की सूचना पाकर डीएसपी कलायत मौके पर फिर पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें समझाया। इसके बाद करीब 2:45 पर नाराज लोगों ने जाम खोला। इससे पूर्व ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 152 के दोनों साइड में ट्रैक्टर ट्राली लगा दिए थे और बीच सड़क पर तंबू लगाकर बैठे गए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल महिलाएं पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करती रही। सूचना मिलते ही कलायत पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। नाराज ग्रामीण इस बात कर अड़े रहे कि जब तक पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब वे लोग जाम नहीं खोलेंगे।
उधर, जाम के कारण से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया और पुलिस ने वाहनों का रास्ता बदल कर यातायात को सुचारु किया। मौके पर पहुंचे डीएसपी सज्जन कुमार ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। मृतक साहिल के परिजनों को जाम खोलने के लिए पुलिस ने समझाया, लेकिन वे लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस ने जो धाराएं लगाई हैं उसमें 120बी और जोड़ कर हत्या के लिए प्लान बनाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो।
ग्रामीण का यह भी कहना था कि आरोपियों में एक युवक की सायं चार बजे की फ्लाइट है और वह बच कर विदेश भाग जाएगा। जब तक पांचों नामजद आरोपियों व हत्या की योजना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे राष्ट्रीय राजमार्ग से हिलने वाले नहीं हैं। डीएसपी सज्जन कुमार ने फोन पर युवक के पासपोर्ट की फोटो दिखाते हुए कहा कि उन्होंने युवक का पासपोर्ट जब्त कर लिया है और वह विदेश नहीं जा सकता। इसके बावजूद ग्रामीण नहीं मान रहे थे।
डीएसपी ने लोगों को बताया कि तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और बाकी दो को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीएसपी के बहुत समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और बाद में मृतक किशोर साहिल का अंतिम संस्कार कर दिया गया।