संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। लोक निर्माण विभाग द्वारा कौल गांव में कुछ ही महीने पहले बनाई गई फिरनी रोड पहली ही बारिश में जगह-जगह से टूट गई। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है।
नाराज ग्रामीण प्रवीण कुमार, कर्ण सिंह, नरेंद्र कुमार, महेंद्र सिंह, शमशेर सिंह सहित अन्य ने बताया कि करनाल रोड से फरल की ओर जाने वाली यह सड़क हाल ही में बनाई गई थी। इसके निर्माण से पहले गांव में सीवरेज पाइपलाइन भी बिछाई गई थी। हल्की सी बरसात में ही सड़क कई स्थानों से धंस गई, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण के समय ही उन्होंने ठेकेदार पर घटिया सामग्री के उपयोग और नियमों की अनदेखी के आरोप लगाए थे। लेकिन विभागीय अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया। आज वही लापरवाही सबके सामने है। ग्रामीणों का कहना है कि महज दो महीनों में सड़क का इस तरह खराब हो जाना भ्रष्टाचार का स्पष्ट संकेत है।
सड़क निर्माण में उत्तम गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग किया गया था और निर्माण कार्य नियमानुसार पूरा हुआ। हाल ही में बिछाई गई सीवरेज पाइपलाइन के मैनहोल के पास पानी भरने से मिट्टी बैठ गई, जिससे सड़क का एक छोटा हिस्सा धंस गया। इसे आज ही दुरुस्त करवा दिया जाएगा।
-रविंद्र, एसडीओ-पीडब्ल्यूडी