किसानों की मौतों से दुखी पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा के पुत्र अमनदीप माजरा ने जिला बाल संरक्षण इकाई के एलपीओ के पद से इस्तीफा दे दिया है। माजरा के बेटे कैथल में जिला बाल संरक्षण इकाई में कानूनी एवं परीविक्षा अधिकारी के तौर पर कार्यरत थे। अमनदीप माजरा ने कहा कि आज पूरे देश में किसान केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन काले कानूनों के कारण सड़कों पर है। इन कानूनों से पूरे देश में किसानों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। जिससे कड़ाके की ठंड में बुजुर्ग किसान सड़कों पर रात बिता रहे हैं। लेकिन सरकार अपने हठ पर अड़ी हुई है। दुख होता है जब पता चलता है कि हर रोज कोई न कोई किसान दम तोड़ रहा है, लेकिन सरकार उस ओर ध्यान नहीं दे रही है। किसान व किसानी को खत्म करके हमारे देश का विकास संभव नहीं है। इसलिए उनकी सरकार से मांग है कि किसानों की मांगों को पूरा करे। उन्होंने किसान आंदोलन के समर्थन में बाल संरक्षण इकाई में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जिसे महिला एवं बाल कल्याण विभाग द्वारा स्वीकृत कर लिया गया है।