सर्दी की मौसम में बस अड्डे पर आने वाले उन यात्रियों की समस्या का समाधान नगर परिषद द्वारा किया गया है, जो दूर होने के कारण रैन बसेरे में नहीं जा पा रहे थे। अब उन्हें बस अड्डे पर ही रात बिताने के लिए सुविधा मिलेगी। इसके लिए नगर परिषद की मांग पर हरियाणा रोडवेज ने एक बस को ही रैन बसेरे में तब्दील कर दिया है। बस की सीटें हटाकर इसमें गद्दे लगाए जा रहे हैं। जिसे वीरवार से ही बस अड्डे की पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। जिसमें एक रात में दस से पंद्रह व्यक्ति रात बिता सकेंगे।
विदित रहे कि जिले में इस समय महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक केंद्र में रैन बसेरा बनाया गया है। जो रेलवे स्टेशन व बस अड्डे से काफी दूर है। हालांकि इस रैन बसेरे में हर तरह की सुविधा है। लेकिन दूर होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ठंड के समय में मांग उठ रही थी कि रेलवे स्टेशन व बस अड्डे के निकट रैन बसेरा बनाया जाए।
ईओ नगर परिषद अशोक कुमार ने बताया कि शहर में बस अड्डे व रेलवे स्टेशन से रैन बसेरे के दूर होने के कारण एक बस में अस्थाई रैन बसेरा बनाया गया है। जिसमें सीटें हटाकर गद्दे लगवा दिए गए हैं। इसे बस अड्डे की पार्किंग में खड़ा किया जा रहा है। जहां शौचालय भी नजदीक है। डीसी से एक और बस की डिमांड की जाएगी। जिसे रेलवे स्टेशन क निकट खड़ा किया जाएगा। एक रात में इसमें दस से पंद्रह व्यक्ति ठहर सकते हैं।