सीवन थाना में पहुंचे हुए परिजन। संवाद
कैथल। सीवन क्षेत्र के मलिकपुर हेड पर नहर में नहाते समय डूबने से हुई युवक की मौत के मामले में सोमवार को मृतक के परिजन सीवन थाना पहुंचे और रोष जताया। थाने में महिलाओं और पुरुषों की काफी संख्या में मौजूदगी रही। परिजनों ने युवक के साथ नहर पर गए उसके साथियों पर उसे डुबोकर मारने का आरोप लगाते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई। मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तीन नामजद समेत सात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जयभगवान ने परिजनों को समझाया और मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं, डीएसपी रमेश गुलिया ने परिजनों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
मृतक युवक के चाचा राजेश ने बताया कि उसका भतीजा आकाश उर्फ जॉनी (21) 16 अगस्त की शाम करीब छह बजे अपने दोस्तों के साथ मलिकपुर हेड नहर पर नहाने गया था। नहाते समय आकाश के नहर में डूबने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और आकाश को नहर से बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबने से दम घुटना बताया गया था। अब परिजनों ने मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
शिकायतकर्ता राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आकाश के साथ गए कुछ युवकों ने साजिश के तहत उसे नहर में डुबोकर मार दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अनमोल, वंश खट्टर और तनिष्क समेत तीन नामजद और तीन-चार अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
डीएसपी रमेश गुलिया ने बताया कि मृतक युवक के चाचा की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सीवन थाना में पहुंचे हुए परिजन। संवाद