गुहला चीका। राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला, चीका में पहुंचे राशन को लेकर स्कूल प्रबंधन ने इसे निम्न स्तर का बताते हुए बच्चों की सेहत पर खतरा बताया है।
स्कूल मुखिया सुरेश द्रविड़ के अनुसार, राशन में आया नमक पानी में घोलने पर मटमैला हो जाता है और उसमें रेत जैसी परत जम जाती है। वहीं लाल मिर्च पाउडर भी मिलावटी प्रतीत हो रहा है, जो पानी में डालने पर ईंट के चूरे जैसा दिखाई देता है।
सुरेश द्रविड़ ने कहा कि इससे पहले भी स्कूल में भेजा गया गुड़ घटिया गुणवत्ता का था, जिसे वापस करना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
वहीं, बीईओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की शिकायत मिली है और स्कूल में जाकर राशन की जांच की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि कमी पाए जाने पर राशन तुरंत बदलवाया जाएगा। साथ ही स्कूलों में नियमित रूप से मिड डे मील की जांच की जा रही है। संवाद