कैथल। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जगमग मटौर ने बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और लोगों का जीवन-यापन मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण पाने में भाजपा के तीनों इंजन फेल हो चुके हैं।
जममग ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं जिसका सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। जगमग मटौर ने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान जनता से बड़े-बड़े वादे किए गए थे लेकिन आज स्थिति यह है कि आम आदमी महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार झेल रहा है।
उन्होंने सरकार से तुरंत महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग की और कहा कि पेट्रोल-डीजल व गैस सिलिंडर के दाम कम किए जाएं।
जगमग मटौर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर जनता के हित में आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।