संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस लाइन मैदान में वीरवार को प्री सुब्रतो फुटबॉल कप अंडर 17 लड़के और लड़कियों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन अखिल भारतीय पब्लिक स्कूल की टीम प्रथम स्थान पर रही। आर्यन पब्लिक स्कूल की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ उप जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र हुड्डा व खंड शिक्षा अधिकारी डॉक्टर नरेश कुमार ने किया। दोनों अधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों को अनुशासन में रहकर खेल खेलना चाहिए।
इस मौके पर विजेंद्र बेरवाल पीटीआई ने बताया कि कैथल ब्लॉक की सात टीमें इसमें हिस्सा ले रही है। इसमें डीपीएस स्कूल, लिटिल फ्लावर पब्लिक स्कूल, हेरिटेज पब्लिक स्कूल, अखिल भारतीय स्कूल, पुलिस लाइन पब्लिक स्कूल, आईजी पब्लिक स्कूल, आर्यन पब्लिक स्कूल की टीमें शामिल हैं।
आयोजन में संयोजक घनश्याम, पवन कुमार डीपीई, शिवदत्त शर्मा, राजेश कुमार डीपीई, ज्योति डीपीई,राजीव अत्रि डीपीई, जोगिंदर डीपीई आदि ने सहयोग किया।