कलायत। उपमंडल के गांव जुलानीखेड़ा निवासी एयर फोर्स में सार्जेंट विकास की सड़क हादसे में मौत हो गई। हाल में चंडीगढ़ में उनकी नियुक्ति थी। जुलानीखेड़ा गांव के पूर्व सरपंच प्रदीप कुमार ने बताया कि विकास अपनी पत्नी के साथ करनाल जा रहे थे। जैसे वे नेशनल हाईवे 152 डी पर पहुंचे तो मूंदडी के पास उन्होंने लघुशंका के लिए गाड़ी रोकी। उन्होंने सड़क की एक तरफ गाड़ी खड़ी करके खिड़की खोली तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
हादसा इतना भीषण था कि विकास के शव की पहचान भी नहीं हो पा रही थी। पत्नी सड़क पर ही रोते-रोते बेसुध हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें संभाला। प्रदीप कुमार ने बताया कि विकास 13 जुलाई को छुट्टी लेकर गांव आए थे और 26 जुलाई की उनकी वापसी थी। विकास के पिता और भाई की मौत हो चुकी है। अब परिवार में उनकी मां, पत्नी व 13 वर्ष का एक बेटा बचा है। विकास की गांव में केवल दो एकड़ कृषि भूमि है जिसे ठेके पर दिया है। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल ने सार्जेंट विकास की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
तितरम थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसकी पत्नी बेहोश थी और गाड़ी का नंबर देख कर विकास का पता लगाया गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। विकास की मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सन्नाटा फैल गया। बड़ी संख्या में गांव के लोग जिला नागरिक अस्पताल में इकट्ठा हो गए। पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव में लाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सार्जेंट विकास। सोशल मीडिया