संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी/कैथल। राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेता संजय सिंह ने पूंडरी विधानसभा से पार्टी के उम्मीदवार नरेंद्र के समर्थन में गांव फरल में जनसभा को संबोधित किया। सांसद संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर अग्निवीर योजना को कूड़ेदान में डाल देंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के चुनाव में कई पार्टियां मैदान में हैं। लेकिन लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत है, पांच साल में एक बार वोट देने का मौका मिलता है। इस वोट की ताकत इतनी बड़ी है कि जो सरकार आप बनाएंगे वो सरकार तय करेगी की गांव में आपके बच्चों के लिए कैसा स्कूल होगा, अस्पताल कैसे होंगे, थाने में आपकी आवाज सुनी जाएगी या नहीं, किसान को फसल का दाम मिलेगा या नहीं, बिना रिश्वत के काम होगा या नहीं और नौजवान को रिश्वत से नौकरी मिलेगी या बिना रिश्वत के नौकरी मिलेगी। ये सब कुछ वोट से तय होगा।
कहा कि अरविंद केजरीवाल ने 49 दिन मुख्यमंत्री बनने के बाद जब उसूलों और सिद्धांतों की बात आई तो अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़कर कहा कि हम जनता के बीच जाएंगे। इसके बाद 67 सीटें जीतकर सरकार बनाई। अरविंद केजरीवाल ने 10 साल की राजनीतिक सफर में देश राजनीति में ऐसा बदलाव किया कोई सोच भी नहीं सकता था कि गरीब के घर में रोशनी आएगी मगर उसकी कोई कीमत नहीं होगी। यदि ये सपना देश की राजनीति में किसी ने पूरा किया तो वो अरविंद केजरीवाल ने किया।
संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल ने फरिश्ते स्कीम लाकर कहा कि यदि रास्ते में किसी का एक्सीडेंट हो जाए तो उसको छोड़कर भागना नहीं उसको अस्पताल में पहुंचा देना जिसके लिए सरकार दो हजार रुपए देगी और इलाज में जितना मर्जी खर्च हो सारा खर्च सरकार देगी।