संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रिश्वत लेते धरे गए जिला पार्षद और प्रतिनिधि की गिरफ्तारी के बाद धरे गए दोनों आरोपियों से संबंधित ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ठेकेदार से कमीशन के रुपये की मांग की जा रही है। वायरल हो रहा ऑडियो क्षेत्र में चरचा का विषय बना हुआ है।
पंचकूला एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बीते वीरवार को जिला पार्षद और प्रतिनिधि को एक लाख रुपये लेते रंगेहाथ काबू किया था। अगले दिन आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अब सोशल मीडिया पर दोनों आरोपियों से संबंधित ऑडियो वायरल हो रही है, जिसमें एक ठेकेदार से रुपये को लेकर लेन-देन की बात की जा रही है। वायरल हो रहे इस ऑडियो में आरोपी जिला पार्षद कमीशन के रूप में रिश्वत की मांग कर रहा है, लेकिन ठेकेदार पार्षद से रुपये देने के लिए समय मांग रहा है।
वायरल हो रही ऑडियो में सामने आया कि पार्षद कह रहा है कि उसके चार वाटर कूलर और टैंक आ चुके हैं और चार वाटर कूलर और आने हैं। ठेकेदार ने कहा कि प्रति टैंकर के तहत क्या हिसाब किया जाए। इस पर पार्षद कहता है कि पूरी पेमेंट में 10 प्रतिशत दे दो। ठेकेदार दो से तीन दिन का समय मांगता है। इसके बाद पार्षद एक लाख रुपये की मांग गूगल पे के माध्यम से करता है। इसके बाद ठेकेदार की बात पार्षद प्रतिनिधि से होती है। इसमें ठेकेदार उस पार्षद प्रतिनिधि को भी जींद रोड पर आने की बात कहता है।