संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में नगर निगम 10 साल बाद एक बार फिर से आवारा कुत्तों की नसबंदी करवाएगा। इसके साथ-साथ कुत्तों का टीकाकरण भी कराया जाएगा। नसबंदी व टीकाकरण के लिए नगर निगम ने निविदा प्रक्रिया पूरी करके एजेंसी को कार्यादेश दिया है। नगर निगम एजेंसी को प्रति कुत्ता 1500 रुपये का भुगतान करेगा।
कुत्ता पकड़ने के बाद उसे अंबाला रोड पर बनाए डॉग शेल्टर में रखा जाएगा। जहां उसकी नसबंदी व टीकाकरण करने के बाद एक सप्ताह तक उपचार दिया जाएगा। नगर निगम द्वारा कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण करने से कुत्तों की ओर से काटने की घटनाएं कम होंगी।
साथ ही नगर निगम क्षेत्र में बढ़ रही कुत्तों की संख्या पर रोक लगाई जाएगी। इसके अलावा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए 7082410824 नंबर जारी किया है। कुत्ते पकड़वाने के लिए शहरवासी इस नंबर पर शिकायत कर सकते है।
कई माह से कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण के लिए निविदा प्रक्रिया चल रही थी। कई बार टेंडर रिकॉल किया गया। केवल एक ही फर्म ने टेंडर के लिए आवेदन किया था। नियम अनुसार सिंगल बिड आने पर एजेंसी को वर्क अलॉट नहीं किया जा सकता। अब एजेंसी को वर्क अलॉट किया गया है। जल्द ही कुत्तों को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कुत्ते पकड़ने के बाद अंबाला रोड स्थित डॉग शेल्टर में पहुंचाए जाएंगे। जहां उनकी नसबंदी व टीकाकरण का कार्य कर उपचार दिया जाएगा। कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण से करने से शहर में उनकी संख्या बढ़ने पर रोक लगेगी। वहीं कुत्तों की ओर से काटने की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाएगा। निगम अधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की है कि दया और संवेदना के भाव से आगे आएं और सड़क पर रहने वाले आवारा कुत्तों को गोद लें।