कैथल। जिले के चार पूर्व डीईओ द्वारा विभाग के विभिन्न खातों से रुपये निकलवाने के मामले में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने चारों अधिकारियों का रिकॉर्ड तलब किया था। मामले में शिक्षा विभाग की ओर से संबंधित रिकॉर्ड पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। पुलिस के अनुसार दस्तावेजों की जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विदित हो कि वर्ष 2007 से लेकर 2014 के बीच तत्कालीन शिक्षा अधिकारियों ने विभाग के खातों से नियमों को दरकिनार कर करीब 40 लाख रुपये की राशि निकाल ली थी, हालांकि विभागीय कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने राशि तो लौटा दी थी, लेकिन उसका ब्याज अदा नहीं किया। जानकारी के अनुसार ब्याज की राशि 13 लाख रुपये के करीब बनती है, जिसकी रिकवरी के लिए चारों अधिकारियों के खिलाफ शहर थाना में एफआईआर दर्ज है। शहर थाना एसएचओ रोहताश ने बताया कि पुलिस ने शिक्षा विभाग से पूर्व अधिकारियों का रिकॉर्ड ले लिया है। जांच पड़ताल कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।