कैथल। कैथल-पटियाला व नरवाना हो हिसार से जोड़ने वाले उकलाना-नरवाना रेलवे लाइन का सर्वे पूरा होने के बावजूद इसके निर्माण पर बात नहीं बन पाई है। रेल कल्याण समिति के सदस्यों की मांग है कि इन दोनों रेलवे लाइन का निर्माण हो।
गौरतलब है कि उकलाना नरवाना रेलवे लाइन का वर्ष 2016 व कैथल-पटियाला का 2018 सर्वे पूरा हो गया था। इन दोनों ही रेलवे लाइनों की लोगों को वर्षों से आस है। पांच साल पहले कुरुक्षेत्र-नरवाना रेलमार्ग पर विद्युतीकरण भी हो चुका है। जिसके बाद से यहां पर विद्युतीकरण ट्रेन का संचालन तो हो चुका है, लेकिन रेल यात्रियों के लिए कैथल से पटियाला रेल लाइन निर्माण का सपना अधूरा है। जिसे पूरा होने का इंतजार यात्री कई दशकों से कर रहे हैं। इस रेल मार्ग के निर्माण को लेकर रेलवे ने वर्ष शुरू किया गया सर्वे वर्ष 2018 में पूरा भी हो गया था। इस सर्वे के पूरा और पास होने के बावजूद रेलवे द्वारा रेल लाइन निर्माण को लेकर कोई कार्य नहीं किया गया।
कुरुक्षेत्र-नरवाना रेल मार्ग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर जेके अरोड़ा ने कहा कि नई रेल लाइन के निर्माण का फैसला केंद्र सरकार व रेलवे बोर्ड करता है।
पंजाब के जिलों से रेल मार्ग से जुड़ने की बढ़ेंगी संभावनाएं
यदि कैथल से पटियाला व नरवाना से उकलाना रेल लाइन का निर्माण होता है तो अमृतसर व लुधियाना की दूरी कम होगी। इसके साथ ही रेल लाइन का निर्माण होने के बाद अंबाला के रास्ते के अलावा यह काफी छोटा रास्ता बनेगा। यही नहीं यदि केंद्र सरकार पटियाला तक नई रेल लाइन बनाने को लेकर कार्य करती है तो कैथल के लोगों को रेलवे स्टेशन के जंक्शन बनने की एक नई सौगात मिलेगी।
कुरुक्षेत्र के सांसद उठा चुके मांग
कैथल-पटियाला तक नई रेल लाइन बनाने की मांग कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सैनी संसद भवन में सत्र के दौरान दो बार उठा चुके हैं। इस दौरान सांसद ने कैथल के जिले की लोगों की काफी पुरानी मांग का हवाला देते हुए केंद्र सरकार से इस मांग को पूरा करने की सिफारिश की थी। सांसद नायब सैनी ने सत्र के दौरान कहा था कि यदि इस रेल लाइन का निर्माण होता है तो यहां व्यापार के नजरिए भी काफी विकास हो पाएगा।
रेलयात्री कल्याण समिति के वरिष्ठ उप प्रधान लाजपत सिंगला ने कहा कि पटियाला रेल लाइन बहुत पुरानी मांग है। रेलवे बोर्ड इसे अनुमति दे तो यह काफी बड़ी सौगात होगी। यदि इस मांग पर कुरुक्षेत्र व पटियाला के सांसद ध्यान दें तो यह मांग जरूर पूरी हो सकती है। जिले में चीका मंडी भी प्रदेश की काफी बड़ी मंडी है। वहीं, कैथल से चावल का व्यापार भी पंजाब में अच्छे हो सकेगा।
कैथल-पटियाला रेल लाइन की मांग बहुत पुरानी हैं परंतु आज तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सीवन के लोग लंबे समय से कैथल से पटियाला वाया सीवन चीका की रेल लाइन की मांग कर रहे हैं।
ओम प्रकाश मुटरेजा लोक सेवा मंच के प्रधान