संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अत्यधिक गर्मी के चलते स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचाव, व हीट स्ट्रोक के इलाज बारे स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। संभावित लू के चलते स्वास्थ्य विभाग ने अपने सभी अस्पतालों में मरीजों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने हरियाणा रोडवेज विभाग को सभी बसों में पीने के पानी की व्यवस्था करने तथा बस स्टैंड पर ओआरएस कॉर्नर बनाए जाने संबंधित व्यवस्था करने की सलाह दी है। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. रेणू चावला ने दी।
उन्होंने कहा कि सभी पीएचसी और सीएचसी में ओआरएस कॉर्नर बनाए गए हैं। पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की व्यवस्था की गई है। हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए अलग से एक वार्ड बनाया गया है, जिसके लिए डॉक्टर्स व पैरा मेडिकल टीम तैनात हैं। लोगों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचने को कहा।
बचाव के लिए क्या करें
जैसा संभव हो पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, हल्के रंग के व खुले वस्त्र पहनें, धूप के चश्मे, छाता, टोपी, व चप्पल का प्रयोग करें, सफर के दौरान पानी साथ में रखें, हीट स्ट्रोक के लक्षणों जैसे कमजोरी, चक्कर आना, सिर दर्द, उबकाई, पसीना आना आदि को पहचाने, अगर आप खुले में कार्य करते है तो सिर, चेहरा, हाथ पैरों को गीले कपड़े से ढके रहे तथा छाते का प्रयोग करें, यदि मूर्छा या बीमारी का अनुभव करते है तो तुरंत चिकित्सीय सलाह ले। गर्मी से बचाव के लिए ठंडा पेय जल लें।
क्या न करें
अधिक गर्मी वाले समय में विशेषकर दोपहर 12 से 3 बजे के मध्य सूर्य की सीधी रोशनी में जाने से बचें, जब बाहर का तापमान अधिक हो तब अधिक काम न करें, नंगे पैर बाहर न निकलें, धूप में खड़े वाहनों में बच्चों एवं पालतू जानवरों को न छोड़े, गहरे रंग के भारी एवं तंग वस्त्र पहनने से बचें, अधिक गर्मी वाले समय में खाना बनाने से बचें।