कैथल। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से यूजी और पीजी कोर्स में दाखिले की तिथि बढ़ाने के बाद रविवार को भी जिले के कई कॉलेजों में छुट्टी के दिन भी दाखिले किए। ये दाखिले विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिले लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को आरकेएसडी कॉलेज कैथल में दूसरी मेरिट सूची के तहत दाखिला प्रक्रिया जारी रही।
प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने बताया कि दाखिले के लिए पोर्टल खोलने के बाद 12 सितंबर तक आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। कॉलेज ने समाजशास्त्र, जनसंचार और मनोविज्ञान विषयों में नए पाठ्यक्रम शुरू करने की मंजूरी प्राप्त कर ली है। इन सभी पाठ्यक्रमों में 50 सीटें हैं। हालांकि ये स्व-वित्त योजना के तहत हैं, फिर भी इन पाठ्यक्रमों में फीस में ज्यादा अंतर नहीं है। इसके अलावा पीजी कार्यक्रमों में पंजीकरण प्रक्रिया के लिए समय दिया गया है। ऐसे में छात्र पोर्टल पर एमए हिंदी, एमए राजनीति विज्ञान, एमए अंग्रेजी, एमए अर्थशास्त्र, एमएससी गणित, पीजीडीसीए और योग में पीजी डिप्लोमा के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।