कैथल। गांव तितरम स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सत्र 2025-26 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश के लिए 16 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। ये जानकारी जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने दी।
उन्होंने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन परीक्षा का आयोजन 18 जनवरी 2025 को किया जाएगा। विद्यार्थी जिस जिले के मूल निवासी हैं और शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उसी जिले में स्थित सरकारी, सरकारी मान्यता प्राप्त स्कूल से पांचवीं कक्षा का अध्ययन किया है तो वह नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकता है। इसके अलावा प्रत्येक कक्षा में उसने पूर्ण शैक्षणिक सत्र का अध्ययन किया हो और सरकारी / सरकार से मान्यता प्राप्त स्कूल से कक्षा तीन और चार उत्तीर्ण की हो और जन्म तिथि एक मई 2013 से 31 जुलाई 2015 के बीच होनी चाहिए। ऑनलाइन आवेदन नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट www.navodaya.gov.in पर किया जा सकता है।