कॉलेज में दाखिलों के लिए पहुंचे विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए स्टाफ सदस्य। विज्ञप्ति
कैथल। दो मेधा सूची जारी होने के बावजूद शहर के तीन प्रमुख कॉलेजों में करीब 50 प्रतिशत सीटें अब भी खाली हैं। सबसे कम दाखिले राजकीय कॉलेज और सबसे अधिक आरकेएसडी कॉलेज में हुए हैं। दूसरी मेधा सूची वाले विद्यार्थियों के पास 7 जुलाई शाम 5 बजे तक फीस जमा करने का अवसर था। अब कॉलेजों में बची हुई सीटों को फिजिकल काउंसलिंग के जरिये भरा जाएगा। शनिवार से फिजिकल काउंसलिंग शुरू होंगी।
कॉलेजों को मेधा सूची तैयार करते समय हरियाणा सरकार की आरक्षण नीति और उच्चतर शिक्षा निदेशालय हरियाणा के निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। आरक्षित श्रेणियों की सीटों को सामान्य श्रेणी में परिवर्तित नहीं किया जाएगा और श्रेणीवार रोस्टर के अनुसार ही दाखिले किए जाएंगे। फिजिकल काउंसलिंग में चयनित विद्यार्थियों को अपनी फीस जमा करवाने के लिए 8 और 9 अगस्त का समय दिया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित अवधि के भीतर फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित करना होगा।
पहले आवेदन करने वालों को ही मिलेगा मौका
आरकेएसडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने बताया कि प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थियों की फिजिकल काउंसलिंग की जाएगी। काउंसलिंग के दौरान सबसे पहले अभ्यर्थी के आवेदन की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उसने संबंधित पाठ्यक्रम के लिए आवेदन किया हुआ है या नहीं। कॉलेज में आवेदन न करने वाले अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में शामिल नहीं किया जाएगा। काउंसलिंग के लिए उपस्थित प्रत्येक अभ्यर्थी की उपस्थिति दर्ज की जाएगी और उसे डायरी नंबर सहित रसीद प्रदान की जाएगी। सत्यापित अभ्यर्थियों के पंजीकरण नंबर का रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। दोपहर 12 बजे काउंसलिंग प्रक्रिया बंद होने के बाद प्राप्त आवेदनों के आधार पर पाठ्यक्रमवार मेधा सूची तैयार की जाएगी और उसी दिन कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी।
कॉलेज में दाखिलों के लिए पहुंचे विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए स्टाफ सदस्य। विज्ञप्ति